जानें अनजाने में भगवान का नाम लेने का फल क्या होता है। हम सब रोज़ भगवान का नाम लेते हैं—कभी जप में, कभी कीर्तन में, कभी स्मरण में। लेकिन एक बड़ा प्रश्न हमेशा उठता है:
क्या भगवान का नाम अनजाने में, लापरवाही से, मज़ाक में या बिना मन लगाकर लिया जाए, तो भी क्या उसकी शक्ति काम करती है?
भागवत पुराण (6.2.14-15) का एक अद्भुत श्लोक इस रहस्य को खोलता है:
“साङ्केत्यं पारिहास्यं वा
स्तोभं हेलनमेव वा।
वैकुण्ठ-नाम-ग्रहणम्
अशेषाघ-हरं विदुः॥”
अर्थात—
संकेत में, मज़ाक में, गाने की लय में, ध्यान भटकते हुए, या गलती से भी भगवान का नाम उच्चारित हो जाए, तो भी वह अनंत पापों का नाश करने की क्षमता रखता है।
भगवान का नाम कोई साधारण शब्द नहीं — यह स्वयं शक्तिमान भगवान का स्पर्श है।
जैसे नाम लिया जाएगा, वैसा फल मिलेगा, पर नाम की शक्ति हमेशा सक्रिय रहती है
हम रोज़मर्रा में देखते हैं —
- मज़ाक में माँ को पुकारें तो भी माँ तुरंत मुड़कर देखती है।
- बुज़ुर्गों को हल्की छेड़छाड़ में भी बुलाएँ, तो भी वे नाराज़ नहीं होते, स्नेह से मुस्कुरा देते हैं।
क्यों?
क्योंकि संबंध में प्रेम है।
इसी तरह, भगवान का नाम उनके असीम प्रेम का प्रतीक है।
नाम का स्वभाव है शुद्ध करना, अपराध-रहित होकर अगर हम किसी भी हालत में उसे लें।
एक कहानी — नाम की अनजानी शक्ति
एक व्यक्ति था—नास्तिक, नशे में रहने वाला, गलत संगति में डूबा हुआ।
उसे घर वाले कहते थे, “हरे कृष्ण बोलो”, लेकिन वह मज़ाक उड़ाता और कहता—
“मैं क्यों बोलूँ?”
एक दिन गुस्से में उसने यही शब्द दोहराया—
“मैं क्यों हरे कृष्ण बोलूँ?”
और बस…
अनजाने में नाम निकल गया।
मरने के बाद चित्रगुप्त और यमराज उसके कर्म देखकर चकित हो गए—
पाप बहुत थे, पर एक बार हरे कृष्ण नाम भी जीवन में लिया था।
वे निर्णय नहीं कर पाए और उसे शिवजी के पास ले गए।
शिवजी भी ब्रह्मा जी के पास ले गए।
ब्रह्मा जी भी निर्णय न ले सके और अंत में सब उसे विष्णु लोक लेकर गए।
भगवान विष्णु हँसकर बोले—
“तुम लोग जिसे लेकर आए हो, उसे तो केवल एक बार नाम लेने से ही बैकुंठ का अधिकारी बना दिया गया था!”
यह कथा उपमा रूप में नाम की करुणा समझाने के लिए कही जाती है।
इसका अर्थ यह नहीं कि कोई तुरंत बैकुंठ चला जाता है—
लेकिन यह अवश्य सिद्ध है कि नाम पापों को नष्ट कर देता है और व्यक्ति को भक्ति के मार्ग पर ले आता है।
अजामिल की कथा — ‘नारायण’ नाम का प्रभाव
श्रीमद्भागवत का यह प्रसंग नाम-शक्ति को और गहराई से समझाता है।
अजामिल गलत संगति में फँस कर एक वेश्या से कई पुत्र उत्पन्न किए, जो एक महापाप था, पर किसी समय हुई साधु सेवा ने उसे आशीर्वाद दिया—
“अपने छोटे पुत्र का नाम नारायण रखना।”
अजामिल अपने पुत्र को प्रेम से पुकारता था—
“नारायण, इधर आओ… नारायण, खाना खाओ…”
मरते समय भी उसने उसी बच्चे को पुकारा—
“नारायण!”
उसने भगवान को नहीं पुकारा था,
पर भगवान का नाम तो उच्चरित हुआ था!
यमदूत उसे लेने आए, पर विष्णुदूत तुरंत पहुँच गए और बोले—
“जिसने भगवान का नाम लिया है, तुम उसे नहीं ले जा सकते।
अजामिल का शरीर तो अधर्म से भरा था, पर नामापराध से रहित होने के कारण नाम-उच्चारण ने उसके पाप संबंध काट दिए,
और फिर पश्चाताप के बाद एक वर्ष साधना करके वह मुक्त हो गया।
नाम क्यों इतना प्रभावी है?
क्योंकि —
- हर पाप संबंध को काटने की क्षमता होती है।
- मन को शुद्ध करके भक्ति के मार्ग पर खड़ा करता है।
- अनजाने में लिया गया नाम भी भविष्य में आध्यात्मिक परिवर्तन ला देता है।
हम प्रतिदिन अनजाने इतने पाप कर बैठते हैं—
- चलते हुए किसी कीड़े पर पैर पड़ जाना
- झाड़ू लगाते हुए जीवों का नष्ट होना
- अनजाने में किसी को दुख देना
ये सब कर्म बंधन बनाते हैं।
हरि नाम इन सब बंधनों को काट देता है। लेकिन जान बूझकर कर किया गया पाप यह सोचकर कि नाम हमारे पाप को काट देगा हमारे घोर नकर का कारण बन सकता है।
तो क्या नाम अनजाने में लेने से उद्धार हो जाता है?
उद्धार का बीज अवश्य पड़ता है,
पर भक्ति बिना मुक्ति नहीं मिलती।
इसलिए शास्त्र कहते हैं—
प्रेम, श्रद्धा और समर्पण सहित लिया गया नाम अनंत गुणा अधिक फल देता है। इसलिए हमें अपराध रहित होकर या शुद्ध भाव से नाम लेना चाहिए।
निष्कर्ष – नाम कभी व्यर्थ नहीं जाता
भगवान का नाम
— चाहे मज़ाक में हो,
— गाने की धुन में हो,
— उदास मन से हो,
— या अनजाने में हो…
वह काम अवश्य करता है।
क्योंकि नाम में भगवान स्वयं हैं।
इसलिए—
सोते, उठते, चलते, काम करते, दिल की गहराइयों से भगवान को पुकारते रहें।
नाम जप केवल एक साधना नहीं—
यह हृदय की शुद्धि और जीवन-परिवर्तन का सबसे सरल मार्ग है।
हरे कृष्ण।
